श्रीनगर। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने बिना पंजीकरण के मेडिकल कालेज परिसर में एंबुलेंस का शुभारंभ किया, जिस कारण मरीज को इस सेवा का लाभ नहीं मिल पाया। ऐसे में अब लोगों ने बिना पंजीकरण के एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाए जाने पर नाराजगी जताई है।
उच्च शिक्षा राज्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक डा. धन सिंह रावत ने दो एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाई थी। इनमें से एक कार्डियों व एक सामान्य एंबुलेंस शामिल थी, लेकिन जब हरी झंडी दिखाने के कुछ घंटों बाद हार्ट अटैक के एक मरीज को कार्डियो एंबुलेंस की आवश्यकता पड़ी तो अस्पताल प्रबंधन ने हाथ खड़े कर दिए। पूछने पर बताया कि जिन एंबुलेंसों को डा. धन सिंह रावत ने हरी झंडी दिखाई उनका परिवहन विभाग में पंजीकरण नहीं है। ऐसे में उन्हें अस्पताल परिसर से बाहर नहीं भेजा जा सकता। बाद में मरीज को निजी एंबुलेंस से भेजना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इस पर रोष जताया है। वहीं कालेज के प्राचार्य डा. सीएमएस रावत ने कहा कि पंजीकरण के लिए एंबुलेंस पौड़ी भेजी गई है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। मंत्री जी का कार्यक्रम शहर में था, इसलिए उनके हाथों एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाई गई थी।