श्रीनगर। परीक्षा परिणाम में अनियमितता से भड़के बिड़ला परिसर के छात्रों ने कुलसचिव का घेराव किया। छात्रों ने परीक्षा में उपस्थित होने के बावजूद अधिकांश छात्रों को परीक्षा परिणाम में अनुपस्थित दिखाए जाने का आरोप लगाया है। वहीं विवि प्रशासन ने छात्रों को एक माह के भीतर परीक्षा परिणाम में हुई त्रुटियों को दूर करने का आश्वासन दिया है।
बृहस्पतिवार को बिड़ला परिसर के छात्रों ने कुलसचिव कार्यालय में कुलसचिव डा. एके झा सहित परीक्षा नियंत्रक प्रो. आरसी भट़्ट व मुख्य नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा का घेराव किया। बिड़ला परिसर छात्र संघ सचिव देवकांत देवराड़ी ने कहा कि परीक्षा परिणाम में भारी गड़बड़ियां की गई हैं। परीक्षा में उपस्थित होने के बावजूद छात्रों को अनुपस्थित दिखाया गया है। उत्तर पुस्तिका में लिखे गए उत्तरों के अनुरूप मूल्यांकन नहीं किया गया है। छात्रों ने विवि की ओर से कराए जा रहें केंद्रीय मूल्यांकन पर भी सवाल उठाए है। छात्रों का कहना है, कि विवि प्रशासन केंद्रीय मूल्यांकन के नाम पर लाखों रुपये खर्च कर रहा है। बावजूद इसके परीक्षा के करीब पांच माह बाद परिणाम घोषित किया जा रहा है। वहीं परीक्षा नियंत्रक प्रो. आरसी भट्ट ने कहा कि परिणाम में त्रुटि से संबंधित शिकायत छात्र उनके कार्यालय में लिखित रूप से कर सकता है। एक माह के भीतर सभी त्रुटियां दूर कर दी जाएंगी।