नारायणबगड़। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने ब्लाक के कड़ाकोट क्षेत्र के गांवों में ताबड़तोड़ जनसभाएं कर कांग्रेस के पक्ष में प्रचार किया। हरीश रावत ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा केवल कांग्रेस संचालित योजनाओं का नाम बदलने का काम कर रही है। वहीं गांवों में भ्रमण के दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत ने काफल भी खाए।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने कड़ाकोट के भटियाणा, कोट, सुनभि, कोथरा, कोठली, सैंज, खैंतोली, रैंस, चोपता में की गई जनसभाओं और जनसंपर्क के दौरान कहा कि भाजपा सरकार में कांग्रेस सरकार की ओर से संचालित पेंशन योजनाओं को बंद किया जा रहा है। गौरा देवी कन्या धन योजना का नाम बदला जा रहा है। बेरोजगार सड़क पर हैं और महंगाई आसमान पर। गरीबों को राशन नहीं मिल रहा है। यहां तक कि थराली के कई गांवों में सरकार कांग्रेस की ओर से स्वीकृत बिजली योजनाओं को धरातल पर उतारने के बजाए इन गांवों को मिलने वाले मिट्टी के तेल की सप्लाई भी बंद कर दी। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, आईटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह, केदारनाथ के विधायक मनोज रावत, पूर्व एमएलसी पृथ्वीपाल सिंह चौहान, हरिकृष्ण भट्ट, सुशील रावत, विजेंद्र रावत, मुकेश नेगी आदि लोग मौजूद थे।