चमोली। चार धाम यात्रा और थराली उप चुनाव में वाहनों की तैनाती के चलते जिले में वाहनों की कमी हो गई है। ऐसे में बृहस्पतिवार को जिले में तीर्थयात्रियों और लोगों को दिनभर वाहनों के लिए भटकना पड़ा।
जिले में संचालित टैक्सियां और बसें चार धाम यात्रा मार्गों पर लगी हुई हैं। वहीं इन दिनों थराली विधानसभा उप चुनाव के लिए प्रशासन की ओर से छोटे-बड़े वाहन अधिग्रहीत कर लिए गए हैं। ऐसे में जिले में यात्रियों की मांग के सापेक्ष वाहनों की कमी हो गई है। बृहस्पतिवार को चमोली, लंगासू, पीपलकोटी सहित यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों घंटों इंतजार करना पड़ा। इधर, जिला परिवहन अधिकारी एल्बिन रॉक्सी का कहना है कि जिले में अभी पर्याप्त वाहन उपलब्ध हैं, यदि वाहनों की कमी होती है तो बाहरी जिलों से वाहनों को यात्रा मार्ग सहित अन्य स्थानों के लिए मंगवाया जाएगा।