ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती ।
मातृ दिवस के अवसर पर परमार्थ निकेतन पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री मनसुख मांडविया, रसायन और उर्वरक राज्यमंत्री गीता बेन व राज्य के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि से भेंट की। केंद्रीय राज्यमंत्री मनसुख व अन्य मंत्रियों ने चर्चा के दौरान स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि ने पर्यावरण संवर्धन के लिए सड़कों के दोनों ओर छायादार व फलदार पौधों के रोपण पर जोर दिया। उन्होंने मातृ दिवस के अवसर पर जननी और जन्मभूमि को याद करते हुए प्रकृति और पृथ्वी माता को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त करने का संकल्प कराया।
उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा के लिए मनुष्य को स्वयं की प्रकृति और प्रवृत्ति को बदलने की आवश्यकता है। कहा कि प्रकृति में हरियाली रहेगी तभी जीवन का संरक्षण व खुशहाली आ सकती है। इस मौके पर उन्होंने मांडविया, गीता बेन व कौशिक को पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया।