ब्यूरो/अमर उजाला,रायवाला।
राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की मोतीचूर रेंज में आदमखोर की तलाश मेें जुटी विभागीय टीम के हाथ तीन दिन बाद भी खाली हैं। रेंजकर्मी हाथी पर सवार होकर सत्यनारायण-गौहरीमाफी वन मोटर मार्ग के आसपास कांबिंग कर हमलावर गुलदार की तलाश में जुटे हैं, मगर उन्हें अभी इस मामले में कोई सफलता नहीं मिली है। शनिवार को भी हाथी के जरिए पार्क कर्मियों की टीम ने आदमखोर की तलाश में जंगल की खाक छानी। गुलदार के पगमार्कों के आधार पर चल रहे सर्च अभियान के तहत टीम ने घटना स्थल के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया, मगर सफलता हाथ नहीं लगी। पार्क की टीम गुलदार को ट्रेंकुलाइजर करना तो दूर उसे ट्रेस तक नहीं कर पाई है। रेंज अधिकारी विकास रावत ने बताया कि हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं, साथ ही कैमरा ट्रैप लगाकर लगातार उसकी तलाश जारी है।
गौहरीमाफी में मुनादी कराकर किया सतर्क
रायवाला। प्राचीन सत्यनारायण मंदिर- गौहरीमाफी संपर्क मार्ग पर हुई गुलदार के हमले की वारदात के बाद से राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन ने गांव में ग्रामीणों को आदमखोर से सतर्कता बरतने को मुनादी कराई। शनिवार को राजाजी की सीमा से सटे गौहरीमाफी के ग्रामीणों को गुलदार के आतंक के चलते सतर्क रहने को लेकर वाहन के जरिए मुनादी लगाकर सतर्क किया गया। रेंज अधिकारी विकास रावत ने बताया कि मुनादी में ग्रामीणों को गांव की सीमा पर सक्रिय गुलदार से सतर्क रहने व रात के समय अकेले घरों से बाहर नहीं निकलने, बच्चों का खासतौर पर ध्यान रखने को आगाह किया गया।