ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने शुक्रवार को नगर की स्वच्छता को लेकर नगर पालिका के अधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर नगर को गंदगीमुक्त रखने पर जोर दिया। कहा कि नगर पालिका के अलावा पुलिस भी नगर में गंदगी फैलाने वालों का चालान करेगी। इस दौरान उन्होंने पॉलिथीन प्रयोग पर अंकुश लगाने के लिए भी निर्देशित किया। अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने स्वच्छता अभियान को गति देने के अलावा विभागीय अधिकारियों को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर में गंदगी फैलाने वाले का तत्काल चालान करें। वहीं व्यापारियों को कहा कि किसानों की सिंचाई की नहरों में किसी भी सूरत में कूड़ा कचरा न डालें। कहा कि नगर को गंदगीमुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास होने चाहिए। इस दौरान उन्होंने सभी दुकानदारों को प्रतिष्ठानों के बाहर डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश वासन ने आश्वस्त किया कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए सहयोग दिया जाएगा।
बैठक के दौरान मंदीप बजाज ने सिटी बस स्टैंड बनाने की मांग की। गौरव मल्होत्रा ने पार्किंग की समस्या उठाई जबकि हरीश कोठारी ने यातायात की व्यवस्था बनाने के लिए कार्ययोजना बनाने की जरूरत बताई। अपर आयुक्त ने नगर पालिका कार्यालय का भी निरीक्षण कर आम लोगों के लिए बनाई व्यवस्थाओं को जांचा परखा। बैठक में ऋषिकेश एसडीएम हरि गिरी, अधिशासी अधिकारी विजय प्रताप सिंह चौहान, नगर कोतवाल ओमवीर सिंह रावत, भारत सिंह चौहान, कुलदीप खत्री, आशीष ममंगाई आदि तमाम लोग मौजूद रहे थे।
तहसील और कोतवाली का भी किया निरीक्षण
अपर आयुक्त ने शनिवार को तहसील और कोतवाली डोईवाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांचा। तहसील में उन्होंने जनाधार कक्ष, रिकार्ड रूम, उपजिलाधिकारी कोर्ट में मामले और तहसील के स्टॉफ के बारे में जानकारियां ली। तहसील स्टॉफ को आम लोगों को प्रमाण-पत्र बनाने में सहयोग देने और भूमि संबंधी मामलों के निदान में तेजी लाने के लिए दिशा निर्देश दिए। दूसरी ओर कोतवाली पहुंचकर अपर आयुक्त ने व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। मालखाना, असलहा, बंदीगृह, रिकार्ड रूम आदि का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निदान के लिए निर्देशित किया। यहां कोतवाल ओमवीर सिंह, एसएसआई योगेंद्र सिंह गुसांई आदि मौजूद थे।