ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
हेमवती नन्दन गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं से शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को बीए द्वितीय सेमेस्टर के हिंदी साहित्य का पेपर हुआ। परीक्षाएं 11 मई से लेकर 14 जून तक आयोजित की जाएगी। परीक्षाओं को लेकर कॉलेज प्रशासन ने व्यवस्थाओं को पुख्ता रखा है। डोईवाला महाविद्यालय में लगभग 1500 छात्र-छात्राएं सेमेस्टर संस्थागत परीक्षाओं के लिए पंजीकृत हैं।
परीक्षाएं 8 से 10, 11 से एक और तीन से पांच बजे की तीन पाली में आयोजित की जा रही हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नकाबपोशों ने डोईवाला महाविद्यालय में चोरी करने का प्रयास किया था। इसके मद्देनजर कॉलेज प्रशासन ने एचएनबी की परीक्षाओं के लिए अधिक ठोस व्यवस्था को बनाया है। डोईवाला महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. केएल तलवाड़ ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षाओं के संचालन के लिए महाविद्यालय में ठोस कार्ययोजना बनाई है। सभी व्यवस्थाओं को अंतिम परीक्षा दिवस तक पुख्ता रखा जाएगा।