ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
अपर आयुक्त गढ़वाल हरक सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को विकासनगर, हरबर्टपुर और सहसपुर में व्यापारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने व्यापारियों को पॉलिथीन की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। कहा दुकानों में पॉलीथिन बेच और खरीदे जाने पर सीधे लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। बाजार में पॉलिथीन लेकर चलने वाले लोगों को भी नहीं बख्शा जाएगा। विकासनगर में नगरपालिका कर्मियों के दुकानों से कूड़ा न उठाने पर अपर आयुक्त ने अधिशासी अधिकारी को फटकार लगाई। भविष्य में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को नगरपालिका सभागार में व्यापारियों की बैठक लेते हुए अपर आयुक्त गढ़वाल हरक सिंह रावत ने कहा कि हाईकोर्ट के सख्त निर्देश हैं कि राज्य में पॉलिथीन को बैन किया जाए। कई जिलों में इस पर कार्रवाई अमल में लाई जा चुकी है, लेकिन देहरादून जिले में खुलेआम पॉलिथीन खरीदी और बेची जा रही है। जिस पर कार्रवाई के लिए पुलिस और पालिका, निगम प्रशासन को निर्देशित किया जा चुका है। उन्होंने एसडीएम को एक से दो दिन के भीतर कार्रवाई को अमल में लाने के निर्देश दिए। कहा 50 माइक्रोन से नीचे की पॉलिथीन को खरीदना और बेचना पूर्णत: प्रतिबंधित है। उन्होंने प्लास्टिक गिलास और थर्माकॉल से बनी सामग्री को बेचने वाले लोगों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन दुकानों से कूड़ा कलेक्ट न करने की बात कही। जिस पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी को फटकार लगाई। उन्होंने डाकपत्थर में अतिक्रमण मुक्त कराई गई ट्रंचिंग ग्राउंड का तत्काल प्रभाव से उपयोग करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम जितेंद्र कुुमार, कोतवाल एसएस नेगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, सभासद शम्मी प्रकाश, संजय गुप्ता, संदीप मोगा, हिमकर गुप्ता, जयंती पटवाल, सुशील अग्रवाल, प्रदीप सोनी, प्रवीन गर्ग, अनिल जैन, अनुपम कपिल आदि मौजूद रहे।
थाने का किया निरीक्षण
सहसपुर थाने में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त गढ़वाल हरक सिंह रावत ने कहा कि शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से उठने वाली दुर्गंध पर रोक लगाने के प्रयास जारी हैं। इससे पूर्व उन्होंने थाने का निरीक्षण भी किया। उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस ने अपर आयुक्त को सलामी दी। उन्होंने असलाह और अभिलेखों का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर सहायक खंड विकास अधिकारी शकुंतला शाह, थानाध्यक्ष सहसपुर नरेश सिंह राठौर, तहसीलदार प्रकाश शाह आदि मौजूद रहे।
सेल टैक्स की टीम रखेगी नजर
प्रदेश में दूसरे राज्यों से आने वाली पॉलिथीन के सामान पर सेल टैक्स की टीम नजर रखेगी। बृहस्पतिवार को बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अपर आयुक्त ने बताया कि राज्य में बड़ी मात्रा में दूसरे राज्यों से पॉलिथीन और थर्माकाल के सामान की सप्लाई होती है। ऐसे में सेल टैक्स की टीम को कुल्हाल और दर्रारेट बार्डर पर तलाशी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।