ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून/विकासनगर।
कभी बिजली के कनेक्शन तो कभी पेंशन और कभी पुलिस की मनमानी। छोटे-छोटे मामलों में कार्रवाई के लिए लोगों को मुख्यमंत्री के दफ्तर की कुंडी खड़खड़ानी पड़ती है। ताजा मामला कालसी में सामने आया, जहां 10 वर्षों के इंतजार के बाद पर राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाघना में पहली बार बिजली आई और डेढ़ साल के बाद पानी की सप्लाई शुरू हुई। इससे छात्रों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
कालसी ब्लॉक के राकेश तोमर ने बीते दिनों मुख्यमंत्री मोबाइल एप पर शिकायत दर्ज करायी थी कि देहरादून के कालसी ब्लॉक में स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बिजली की समस्या है। जब से स्कूल खुला है, स्कूल में बिजली नहीं है। इस कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बिजली विभाग से संपर्क करके आवेदन किया गया, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने स्कूल में पानी की लाईन पुरानी होने और बीच-बीच में कई जगह पर टूट जाने के कारण पिछले डेढ़ साल से पानी न आने की बात भी कही। एप पर हुई शिकायत के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने यूपीसीएल के अधिकारियों से स्कूल में बिजली की समस्या को अविलंब दूर किए जाने की बात कही। मामला सीएम कार्यालय तक पहुंचने के चलते बिजली विभाग के अधिकारियों ने आनन-फानन में स्कूल में दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत बिजली का कनेक्शन लगाया। यही नहीं एलईडी बल्ब भी मुहैया कराए। वहीं पानी की समस्या दूर करने को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा बीडीओ कालसी को बाघना ग्राम पंचायत के अंतर्गत इस विद्यालय में पानी की लाईन को दुरुस्त करने के साथ ही सुचारु रूप से पेयजल व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके तत्काल बाद स्कूल में पानी की व्यवस्था भी दुरुस्त कर दी गई।