गोपेश्वर। बारिश, बर्फबारी के साथ ही मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी को देखते हुए चमोली जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी आशीष जोशी ने आपदा कंट्रोल रुम में अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा के चलते जिले में प्रतिदिन हजारों की संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं, लिहाजा सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने की जरूरत है।
जिलाधिकारी ने हाईवे और अन्य संपर्क मार्गों से जुड़े विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और बारिश के कारण अवरुद्ध सड़कों को तत्काल खोलने के निर्देश दिए गए। कहा गया कि आपदा की स्थिति में तत्काल आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना दें। जेसीबी मशीनों में शीघ्र जीपीएस की व्यवस्था के निर्देश दिए गए, ताकि आपदा के दौरान जेसीबी की लोकेशन पर निगरानी रखी जा सके। भूस्खलन वाले स्थानों में जेसीबी, डोजर व मैन पावर की तैनाती के साथ ही एनएच, लोनिवि, बीआरओ और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को यात्रा के सभी वैकल्पिक मार्गों को दुरुस्त करने के लिए कहा गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट, सीडीओ हंसादत्त पांडे, सीएमओ डा. तृप्ति बहुगुणा, डीएफओ एनएन पांडेय, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।