ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश ।
दून इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट श्यामपुर के खेल मैदान में आयोजित बैट एंड बॉल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में चौथे दिन सोमवार को पूल-बी में पहला मैच पीसीए देहरादून व ऋषिकेश यंग स्टार के मध्य खेला गया। पीसीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवर में 171 रन का लक्ष्य रखा। बल्लेबाजी करने उतरी ऋषिकेश यंग स्टार की टीम के शुभम ने 46 व गौतम ने 72 रन का योगदान देकर 20.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
दूसरा मुकाबला जीएसआर क्रिकेट एकेडमी देहरादून व एसएचएस क्रिकेट एकेडमी जयपुर के मध्य खेला गया, जिसमें जीएसआर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवरों में 192 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी एसएचएस क्रिकेट एकेडमी, जयपुर की टीम अंतिम ओवर की तीसरी बॉल में 175 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जीएसआर क्रिकेट एकेडमी देहरादून ने 17 रन से मैच जीत लिया। इस मौके पर मैच के एंपायर विनय शर्मा व विनीत कुमार थे। यहां धनपाल खरोला, अमित शर्मा, मानसिंह तोपवाल, धीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।