गोपेश्वर। अचानक हुई तेज बारिश के चलते शनिवार को कॉरपोरेट जगत की चर्चित शख्सियत नीरा राडिया के हेलीकॉप्टर ने गोपेश्वर में इमरजेंसी लैंडिंग की। हालांकि 45 मिनट बाद मौसम सामान्य होने के बाद हेलीकॉप्टर ने केदारनाथ घाटी के सेरसी हेलीपैड के लिए उड़ान भरी।
शनिवार को नीरा राडिया का हेलीकॉप्टर देहरादून से बदरीनाथ धाम की ओर जा रहा था, लेकिन पीपलकोटी के ऊपर तक जाने के बाद बारिश शुरू हो गई। ऐसे में पायलेट ने गोपेश्वर स्टेडियम में ही हेलीकॉप्टर को उतार दिया। हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग देख थानाध्यक्ष कुंदनराम मय फोर्स मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में नीरा राडिया के साथ ही दो अन्य तीर्थयात्री थे। करीब 45 मिनट बाद मौसम साफ होने के बाद हेलीकॉप्टर ने केदारनाथ घाटी के सेरसी हेलीपैड के लिए उड़ान भरी। बताया जा रहा है कि शनिवार को बदरीनाथ धाम में नीरा राडिया के नेयति ट्रस्ट की ओर से निशुल्क अस्पताल का शुभारंभ होना था, जिसके लिए उन्हें बदरीनाथ धाम जाना था। अचानक मौसम खराब होने के कारण वह धाम नहीं जा र्पाइं।