ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
चारधाम यात्रा में बाहरी प्रदेशों के वाहनों से डग्गामारी करने पर संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के पदाधिकारी भड़क गए। उनके साथ निजी परिवहन कंपनियों के दर्जनों वाहन स्वामी व चालकों ने एआरटीओ कार्यालय में बवाल काट दिया। कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उन्होंने हरिद्वार बाईपास मार्ग पर जाम लगा दिया। एसडीएम और एआरटीओ के साथ वार्ता में डग्गामारी पर कार्रवाई का भरोसा मिलने पर करीब दो घंटे बाद जाम खोला गया।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के पदाधिकारी निजी परिवहन कंपनियों के वाहन स्वामियों और चालकों के साथ हरिद्वार बाईपास रोड स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय पहुंचे। इस दौरान बाहरी राज्यों के यात्री वाहनों का ग्रीन कार्ड बनाने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि कई वाहन स्वामी व चालक सीधे कार्यालय में घुस गए और उन्होंने विभागीय कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बवाल होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद गुस्साए वाहन स्वामियों ने हरिद्वार बाईपास मार्ग पर जाम लगा दिया। उन्होंने संभागीय परिवहन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया। सूचना पर एसडीएम हर गिरि सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एआरटीओ की मौजूदगी में रोटेशन पदाधिकारियों से वार्ता की। वार्ता में रोटेशन से जुड़े वाहन स्वामियों ने आरोप लगाया कि हरिद्वार से यात्रा में बाहरी प्रांतों के वाहनों के माध्यम से डग्गामारी की जा रही है। उनके वाहनों को देरी से, जबकि बाहरी वाहनों को तत्काल ग्रीन कार्ड जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने बाहरी वाहनों को नारसन बॉर्डर पर ही चेक किए जाने और डग्गामारी पर रोक लगाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने बाहरी राज्यों के वाहनों को दो माह की बजाए 15 दिन के लिए ग्रीन कार्ड जारी करने की मांग भी उठाई।
एसडीएम ने भरोसा दिया कि हरिद्वार से बाहरी राज्यों के वाहनों के माध्यम से यात्रा में की जा रही डग्गामारी पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। बताया कि इस संबंध में हरिद्वार प्रशासन से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई कर डग्गामारी को रोका जाएगा। मौके पर रोटेशन समिति से वरिष्ठ उपाध्यक्ष शूरवीर सिंह रावत, कुंवर सिंह रावत, दाताराम रतूड़ी, चंदन सिंह पंवार, प्यारेलाल जुगलाण, रोटेशन प्रभारी मदन कोठारी, भोपाल सिंह नेगी आदि मौजूद थे।
मुझे लिखित में माफीनामा चाहिए...
ऋषिकेश। कार्यालय में कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट करने पर एआरटीओ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने वार्ता के दौरान संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी, तो हल्ला शुरू हो गया। एआरटीओ ने कहा कि उन्हें उक्त लोगों का लिखित में माफीनामा चाहिए। ऐसा नहीं होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जाम लगाइए, मैं देख लूंगा...
ऋषिकेश। एआरटीओ कार्यालय में पहुंचे एसडीएम उस वक्त गुस्सा हो गए, जब रोटेशन पदाधिकारियों ने उनकी बातों को अनसूना कर दिया। उपजिलाधिकारी ने वाहन स्वामियों व चालकों को सख्त लहजे में कहा कि, बात सुननी नहीं है, तो उठ जाएं। जाम लगाइए, मैं देख लूंगा।
जाम में पुलिस के साथ नोकझोंक
ऋषिकेश। रोटेशन से जुड़े वाहन स्वामियों और चालकों के हरिद्वार बाईपास मार्ग पर जाम लगाने से रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। जाम खुलवाने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस के साथ वाहन स्वामियों की नोकझोंक भी हुई। पुलिस के समझाने के बावजूद वाहन स्वामी और चालक नहीं माने।
एक दलाल के नाम पर रही खूब चर्चा
ऋषिकेश। एआरटीओ कार्यालय में शुक्रवार सुबह हुए बवाल में एक दलाल का नाम ने खूब चर्चाओं में रहा। स्थानीय वाहन स्वामियों और चालकों का कहना था कि कार्यालय में एक दलाल सक्रिय है, जोकि बाहरी राज्यों के यात्री वाहनों का ग्रीन कार्ड बनवा रहा है। एआरटीओ डा. अनीता चमोला ने बताया कि कार्यालय में दलालों का प्रवेश पहले ही वर्जित है। बावजूद ऐसी कोई गतिविधि हो रही है, तो इस दिखवाकर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।