ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
हरबर्टपुर और विकासनगर पालिका का कार्यकाल समाप्त होने के बाद शुक्रवार को एसडीएम जितेंद्र कुमार ने विधिवत रूप से दोनों नगर पालिकाओं के प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी संभाल ली। अब चुनाव संपन्न होने तक दोनों नगर पालिका से संबंधित सभी व्यवस्थाएं एसडीएम देखेंगे।
मालूम हो कि बीते बृहस्पतिवार को दोनों नगर पालिकाओं का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है। व्यस्तता के कारण एसडीएम कार्यभार ग्रहण करने के लिए शुक्रवार को दोनों पालिकाओं के कार्यालय में तो नहीं आ सके। उन्होंने देहरादून स्थित आवास में ही कागजों में हस्ताक्षर कर दोनों पालिकाओं के प्रशासन के रूप में जिम्मेदारी संभाल ली। फोन पर हुई वार्ता पर उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति पालिका क्षेत्र से संबंधित समस्याओं को लेकर उनके समक्ष उपस्थित हो सकता है। सभी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।