ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला।
हाईवे निर्माण कंपनी को लीज पर भूमि देना स्थानीय किसानों को भारी पड़ गया। कंपनी भूमि को कृषि योग्य बनाकर देने के करार का उल्लंघन कर खेतों को बंजर बनाकर चलती बनी। सोमवार को खांडगांव के पीड़ित किसान परिवारों ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की और उन्हें अपनी समस्या बताई। पीड़ित किसान रविंद्र सिंह नेगी, मोहन सिंह नेगी, भगवान सिंह नेगी ने बताया कि कंपनी की ओर से कैंप कार्यालय के लिए कृषि भूमि लीज पर ली थी। कार्य पूर्ण होने के बाद दोबारा कृषि योग्य भूमि बनाकर देने का करार किया गया था।
कंपनी ने बीते ढाई वर्षों से उन्हें न तो भूमि का किराया दिया है और न ही करार के तहत भूमि खाली करने के बाद उसे कृषि योग्य बनाया है। बताया कि पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों के समक्ष भूमि को कृषि योग्य बनाने की चिंता है। आरोप है कि लीज करार उल्लंघन पर किसानों ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। मामले में विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें संबंधित पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही है।