ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
देरशाम हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर जंगली हाथी आ धमका। हाथी के मुख्य मार्ग पर आने के कारण लोगों ने अपने वाहन पीछे ही रोक दिए, जिसके कारण लंबा जाम लग गया। करीब 20 मिनट तक हाथी मार्ग पर ही डटा रहा। हाथी को जंगल में खदेड़ने के लिए वनकर्मियों ने हवाई फायर झोंके, जिसके बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। सोमवार देर शाम करीब सवा सात बजे राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज के सत्य नारायण सेक्शन में जंगली हाथी गौहरीमाफी की ओर से नेशनल हाईवे पर मंदिर के पास पहुंच गया।
हाथी को हाइवे पर देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे रेंज कर्मियों ने हाईवे के दोनों ओर ट्रैफिक रोक दिया। काफी देर तक जब हाथी टस से मस नहीं हुआ तो वनकर्मियों को हवाई फायर झोंकने पड़े। काफी देर बाद हाथी हाईवे पार करके जंगल में चला गया। इस बीच दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गई।