कर्णप्रयाग। आदर्श विद्या मंदिर जूनियर स्कूल में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट अशोक कुमार ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने छात्रों को कानून का भी पाठ पढ़ाया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट अशोक कुमार ने स्कूल प्रबंधन और संचालकों से बसों में बेहतर सुरक्षा सुविधाएं और अन्य यातायात सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। शिविर में छात्र-छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण और जल संरक्षण के भी विशेष उपाय बताए गए। कानूनों की जानकारी देते हुए बताया कि अगर 12 साल से कम उम्र के नाबालिगों के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाएं होती है, तो ऐसे अपराधों में फांसी की सजा का प्रावधान है। इस दौरान अनुशासन, संस्कार और सामाजिकता की भी विभिन्न जानकारियां दी गई। साथ ही छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की हिदायत दी गई। इससे पूर्व विद्यालय में सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्जवलित किया गया। इस मौके पर अधिवक्ता आरएस नेगी, खंड शिक्षा अधिकारी उमेेश चंद्र कैलखुरा, अधिवक्ता सुधा नेगी, पुलिस उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल और जेपी भट्ट, प्रधानाध्यापक हरीश चंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद थे।