ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
हिमालय आयुर्वेदिक कॉलेज फतेहपुर डोईवाला में शुल्क बढ़ोतरी के विरोध में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने कॉलेज गेट पर नारेबाजी करते हुए धरना दिया। धरनास्थल पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भी पहुंचकर समर्थन दिया। बाद में कुलसचिव के अनुरोध पर पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रमुख सचिव से वार्ता के लिए तैयार हुए। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि कॉलेज प्रशासन ने मनमाने तरीके से शुल्क में बढ़ोतरी की है, जिससे छात्र-छात्राओं में आक्रोश है।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, कांग्रेस पंचायतीराज के प्रदेश संयोजक मोहित शर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव विक्रम सिंह नेगी आदि ने पहुंचकर प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं को समर्थन दिया। उपाध्याय ने फोन पर विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर छात्रों की समस्याओं के निदान के लिए कहा। मौके पर आयुुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेश ने प्रदर्शनकारियों छात्र-छात्राओं को समझाते हुए समस्या से शासन को अवगत कराने के प्रति आश्वस्त किया। तय किया गया कि छात्रों का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रमुख सचिव से वार्ता कर शुल्क बढ़ोतरी की समस्या के निदान के लिए मांग करेगा। धरना प्रदर्शन के चलते कालेज में पुलिस बल मौजूद रहा।
कोट्स
शासन से मिले आदेश के अनुरूप ही कॉलेज प्रबंधन काम कर रहा है। शुल्क को लेकर निर्णय शासन स्तर से ही होना है। कॉलेज की ओर से छात्रों को अवगत करा दिया गया है। शासन मिले निर्देश को ही क्रियान्वित किया जाएगा।
- बालकृष्ण चमोली, सचिव, हिमालयन आयुर्वेदिक कॉलेज फतेहपुर।