श्रीनगर। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार चारधाम पैदल यात्रा को पुनर्जीवित करने पर विचार कर रही है। इसके लिए यदि किसी के पास यात्रा संबंधित पुराने दस्तावेज हो तो वह पर्यटन विभाग को अवगत करा सकता है। बेहतरीन दस्तावेज देने वाले को 1 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा।
शुक्रवार को स्थानीय जीएमवीएन गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता के दौरान पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम पैदल यात्रा को पुनर्जीवित करने के लिए पूर्व के साक्ष्य या दस्तावेज मददगार हो सकते है। कहा कि अगर किसी के पास कोई दस्तावेज हो तो वह विभाग को बताए। इस दौरान पर्यटन मंत्री ने बताया कि केदारनाथ और हेमकुंड में यात्रियों की सुविधा के लिए ऑल टेरेल व्हीकल चलेंगे। उन्होंने गौरीकुंड से केदारनाथ तक रोपवे निर्माण किए जाने के साथ ही बदरी व पंचकेदार के लिए हेली सेवाओं पर भी विचार किए जाने की बात कही। कहा कि सरकार पहाड़ में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गंभीर है। कहा कि गैरसैंण में विधानसभा भवन के एक हिस्से को पर्यटन विभाग को दिए जाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से निवेदन किया गया है, जिससे कि कुमाऊं क्षेत्र से गढ़वाल आने वाले यात्रियों को बीच में एक दिन ठहरने की व्यवस्था होगी। महाराज ने कहा कि गौरीकुंड से केदारनाथ तक एटीवी (ऑल टेरेन व्हीकल) चलाए जाने की योजना है। साथ ही गौरीकुंड से केदारनाथ तक रोपवे का निर्माण भी किया जाएगा। बताया कि हेमकुंड के लिए भी एटीवी (ऑल टेरेन व्हीकल) चलाए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने बताया कि यमुनोत्री के लिए खरसाली से नारायणधाम तक करीब ढाई किमी का रोपवे बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही चारधाम यात्रियों के लिए सिंपल हैवन एप बनाया गया है। जो यात्रियों को यात्रा से जुड़ी हर जानकारी देगा। पत्रकार वार्ता के दौरान अनूप बहुगुणा, जितेंद्र रावत, कुशलानाथ आदि मौजूद थे।