गोपेश्वर। गोपेश्वर नगर से चमोली तक जगह-जगह नालियां मलबे और मिट्टी से पटी हुई हैं, जिससे हल्की बारिश में भी नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। लोगों को गंदे पानी से होकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
सुरेंद्र कुमार, संजय सिंह और ताजबर का कहना है कि चार धाम यात्रा पर ऊखीमठ-चमोली मोटर मार्ग पर हिल साइड नालियों का निर्माण नहीं किया गया है, जबकि काजवे भी खतरनाक बने हैं। कहा कि यदि समय से नालियों का निर्माण और सफाई नहीं की जाती तो हल्की बारिश होने पर भी यहां लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इधर, एनएच लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार का कहना है कि गोपेश्वर-चमोली मार्ग पर बनी नालियों से मिट्टी और मलबा हटाने के कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं। शीघ्र नालियों को सुचारु कर दिया जाएगा। साथ ही ऊखीमठ-चमोली मार्ग पर अस्थायी नालियों को मानसून से पूर्व दुरुस्त करने की योजना है।