श्रीनगर। रोजगार और बकाया भुगतान की मांग के लिए श्रीनगर जल विद्युत परियोजना (एएचपीसीएल) के खिलाफ प्रभावितों का क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रभावितों ने परियोजना संचालक कंपनी के निदेशक का पुतला फूंका।
मंगलवार को स्वीत, मंदोली, फरासू, मंगसू, सांक्रो, नौर आदि गांवों के परियोजना प्रभावितों ने धरना स्थल पर नारेबाजी करते हुए परियोजना संचालक कंपनी के निदेशक का पुतला फूंका। प्रभावितों ने कहा कि परियोजना कंपनी की ओर से जो आश्वासन दिए गए थे, उन पर कंपनी ध्यान नहीं दे रही है। प्रभावितों ने कंपनी प्रशासन से रोजगार देने और बकाया भुगतान की मांग की है। धरने के 29वें दिन बलवीर सिंह रावत क्रमिक अनशन पर बैठे। इस दौरान श्याम सिंह रावत, गंगा सिंह, भीम सिंह, विशंबर सिंह, आनंद सिंह, सोवती देवी, बीजा देवी, पुष्पा देवी आदि मौजूद थे। ब्यूरो