श्रीनगर। गढ़वाल विवि के शैक्षणिक सत्र 2017-18 में खरीदी गई पुस्तकों के भौतिक सत्यापन के लिए विवि प्रशासन की ओर से कमेटी गठित की गई है। पुस्तकों की खरीद में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि विवि प्रशासन कमेटी के गठन को एक रुटीन प्रक्रिया बता रहा है।
गढ़वाल विवि के शैक्षणिक सत्र 2017-18 में बड़ी संख्या में पुस्तकों की खरीद की गई थी। इस सत्र में छात्रों ने सीबीसीएस पाठ्यक्रम के तहत पुस्तकों की मांग के लिए कई बार आंदोलन किया था। साथ ही शोध छात्रों के लिए स्तरीय पुस्तकें उपलब्ध कराए जाने की मांग भी की गई थी। छात्रों की मांग पर विवि प्रशासन ने बड़े स्तर पर पुस्तकों की खरीद की थी। हालांकि तब भी पुस्तकों की खरीद में गड़बड़ी की आशंका जताई गई थी। गढ़वाल विवि प्रशासन ने सत्र 2017-18 में खरीदी गई पुस्तकों के भौतिक सत्यापन के लिए कमेटी गठित की है। कमेटी में विवि के सिस्टम मैनेजर संजीव श्रीवास्तव संयोजक, डा. जेपी भट्ट, डा. घनश्याम सिंह ठाकुर व मुरारी लाल को सदस्य नियुक्त किया गया है। कमेटी को एक सप्ताह के भीतर पुस्तकों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट कुलपति को सौंपनी हैं। मंगलवार को इस संबंध में कुलसचिव कार्यालय से आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि विवि प्रशासन पुस्तकों के भौतिक सत्यापन को रुटीन कार्य बता रहा है।