श्रीनगर। मांगें पूरी न होने पर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना प्रभावितों ने सोमवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। प्रभावितों ने परियोजना संचालक कंपनी के निदेशक का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।
रोजगार, पैकेज व बकाया भुगतान की मांग के लिए स्वीत, सेम, मंदोली व फरासू के ग्रामीणों का धरना सोमवार को 28वें दिन भी जारी रहा। मांगों के समर्थन में कनिष्ठ उप प्रमुख विरेंद्र लाल क्रमिक अनशन पर बैठ गए हैं। प्रभावितों ने श्रीनगर जल विद्युत परियोजना संचालक कंपनी (एएचपीसीएल) के प्रति कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। कहा कि परियोजना कंपनी प्रभावितों की मांगों की अनदेखी कर रही है। इस दौरान श्याम सिंह रावत, पूर्व प्रधान लक्ष्मी देवी, रमेंद्र सिंह, बलवीर सिंह रावत, अवतार सिंह, गंगा सिंह, त्रिलोक सिंह, विशंभर सिंह, भीम सिंह, विजया देवी, पुष्पा देवी आदि मौजूद थे। ब्यूरो