गढ़वाल। देवप्रयाग क्षेत्र में तीन धारा (धौलीधार) के पास कार के खाई में गिरने से एक दंपति और उत्तरकाशी जिले के नौगांव क्षेत्र में स्यूली छानी के पास टैंपो के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई।
देवप्रयाग। सोमवार सुबह करीब सवा सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि तीन धारा से दो किमी. आगे धौलीधार के समीप करीब 100 मीटर नीचे एक कार खाई में गिरी है। सूचना मिलते ही पुलिस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना में अगस्त्यमुनि (रुद्रप्रयाग) के व्यापारी मनोज मित्तल (46) और उनकी पत्नी संगीता मित्तल (40) मौके पर ही दम तोड़ चुके थे, जबकि कार ड्राइवर अतुल पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी तुणख्या कोट ब्लॉक (पौड़ी) घायल हो गया। उसे रेस्क्यू कर सीएचसी देवप्रयाग भेजा गया।
पुलिस को गहरी खाई में गिरी कार तक पहुंचने, घायल और शवों को निकालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। मुश्किल तब हुई, जब रेस्क्यू टीम को सड़क से कार नहीं दिखाई दी। बछेलीखाल चौकी की आपदा प्रबंधन टीम की मदद से बड़ी मुश्किल से कार खाई में मिली। थाना प्रभारी देवप्रयाग विनोद राणा के मुताबिक अगस्त्यमुनि के व्यापारी मनोज मित्तल इलाज के सिलसिले में अपनी पत्नी के साथ देहरादून जा रहे थे। जिस स्थाना पर दुर्घटना हुई है, वहां सड़क भी काफी चौड़ी है।
नौगांव (उत्तरकाशी)। नौगांव-पुरोला मोटर मार्ग पर स्यूली छानी के पास एक टैंपो के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार दोनों लोगों की मौत हो गई। हादसा रविवार देर रात होने की वजह से समय से इसकी जानकारी नहीं हो पाई। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे घास काटने जा रही महिलाओं को नौगांव से करीब चार किमी पुरोला की ओर स्यूली छानी के पास कमल नदी में पत्थरों के बीच एक वाहन गिरा दिखा। उनकी सूचना पर पहुंची नौगांव पुलिस ने रेस्क्यू कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन से चालक और परिचालक के शव सड़क पर पहुंचाए। मृतकों की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार इनकी पहचान सचिन (29) पुत्र सुशील कुमार निवासी केशवपुरी डोईवाला ऋषिकेश व मोहम्मद आशिक (31) पुत्र मोहम्मद शमीम निवासी अब्दुल हमीद कालोनी माजरा देहरादून के रूप में हुई है। नौगांव पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई भरत सिंह रावत ने बताया कि दोनों लोग रविवार को देहरादून से कुछ सामान लेकर त्यूणी आए थे। वे सामान छोड़कर शाम को ही देहरादून लौट रहे थे। देर रात उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। दुर्घटना का कारण नींद आना हो सकता है।
मित्तल दंपति की मौत पर अगस्त्यमुनि, विजयनगर बाजार रहा बंद
अगस्त्यमुनि। सड़क हादसे में विजयनगर के व्यापारी मनोज मित्तल और उनकी पत्नी संगीता मित्तल (40) की मौत पर बाजार बंद रहा। घटना के बाद से क्षेत्र में मातम पसरा है।
केदारनाथ के विधायक मनोज रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक खत्री, व्यापार संघ अध्यक्ष मोहन सिंह रौतेला, सावन नेगी, दीपक बेंजवाल, गजेंद्र रौतेला आदि ने दंपति के निधन पर दुख प्रकट किया है। मित्तल परिवार बीते 40 वर्षों से विजयनगर में व्यापार करते आ रहा था। मनोज मित्तल और उनकी पत्नी मिलनसार व हंसमुख स्वभाव के थे। वे अपने पीछे बीटेक की पढ़ाई कर रहे 20 वर्षीय पुत्र और कक्षा नौ में पढ़ रही 14 वर्षीय पुत्री को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। इधर, घटना की सूचना पर छात्रा की स्कूल में भी छुट्टी कर दी गई। मंगलवार को मंदाकिनी नदी तट पर मृतक दंपति की अंत्येष्टि की जाएगी। ब्यूरो