पीपलकोटी। चारधाम यात्रा के शांतिपूर्वक संचालन को लेकर उपजिलाधिकारी परमानंद राम ने व्यवसायियों के साथ बैठक की। व्यवसायियों ने कहा कि पीपलकोटी में पेयजल किल्लत बनी है। यात्रा पड़ाव कोड़िया, बाटुला, गडोरा, अगथला में भी हैंडपंप तो हैं, लेकिन उन पर पेयजल सप्लाई नहीं हो रही है। इस पर एसडीएम ने जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल नगर में पेयजल व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बदरीनाथ हाईवे बंद होने पर तीर्थयात्रियों को उचित किराए पर ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि यदि यात्रियों से मनमाना किराया वसूला गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। व्यवसायियों ने कहा कि जिन तीर्थयात्रियों की ओर से होटल में एडवांस बुकिंग की गई है, उन्हें अनावश्यक यात्रा पड़ावों पर न रोका जाए। इस मौके पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी टंकार कौशल, बंड संगठन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद सती, पूर्व अध्यक्ष अतुल सती, सज्जन लाल शाह, रूप सिंह गुर्साइं, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष मोहन सिंह राणा और बिहारी लाल बंडवाल आदि मौजूद थे।