श्रीनगर। यहां सफाई अभियान चला रहे डा. बीपी नैथानी के अभियान में बाधा डालने के आरोप में दो व्यापारियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
डा. नैथानी की तहरीर के मुताबिक वह 15 अप्रैल की शाम गोला बाजार में अभियान चला रहे थे। बाजार में एक दुकान के आगे हमेशा कूड़ा पड़ा रहता है। उसको वह हमेशा साफ करते हैं। घटना के दिन भी गंदगी पाए जाने पर वह विरोध जताने के लिए दुकान के आगे धरने पर बैठ गए, लेकिन सफाई करने के बजाय दुकान स्वामी फुरकान और उसके साथी यामीन अंसारी उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों व्यापारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि मामले की विवेचना एसआई कैलाश सेमवाल को सौंपी गई है। यहां बता दे कि नगर पालिका भी चार दिन पूर्व दोनों व्यापारियों को सफाई अभियान में बाधा पहुंचाने के आरोप में नोटिस भेज चुकी है।