ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
सालों से बदहाल पड़े राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय त्यूनी के भवन के संवरने की उम्मीद जगी है। इसके लिए शासन स्तर पर 40 लाख रुपये के बजट को हरी झंडी मिल चुकी है।
वर्ष 1990 में समाज कल्याण विभाग ने भवन का निर्माण कराया। जिसके बाद भवन की मरम्मत के नाम पर ढेला तक खर्च नहीं किया गया। जिसके चलते भवन जर्जरहाल हो गया। भवन में लगी खिड़कियां, जालियां जगह-जगह से उखड़ गई। कमरों में लगे पंखों ने भी काम करना बंद कर दिया। वहीं सर्दियों में टूटी खिड़कियों से कमरे के अंदर आने वाली हवाएं सिहरन पैदा करती थी। खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद अब भवन मरम्मत के लिए शासन स्तर पर 40 लाख रुपये के बजट को मंजूरी मिल गई है। स्थानीय निवासी प्रदीप, प्रेम, विजयपाल आदि का कहना है कि अभी तक भवन की मेंटीनेंस के अभाव में छात्रों को बदहाली के साए में पढ़ाई करनी पड़ रही थी। संयुक्त निदेशक समाज कल्याण योगेंद्र रावत ने बताया कि मई में निविदा आमंत्रित कर भवन मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा।