ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के लिए वित्तीय वर्ष 2018-2019 के लिए 4650 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस बाबत मंत्रालय और टीएचडीसीआईएल के बीच करार हुआ है, जिस पर विद्युत सचिव और कॉरपोरेशन के सीएमडी ने हस्ताक्षर किए हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित विद्युत मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्युत सचिव एके भल्ला और टीएचडीसीआईएल के सीएमडी डीवी सिंह ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
सीएमडी ने बताया कि कॉरपोरेेशन के लिए वित्तीय वर्ष में 4650 मिलियन यूनिट (उत्कृष्ट रेटिंग) विद्युत उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। बताया कि कॉपोरेशन एक लाभ अर्जित करने वाला संगठन है, जिसने 31 मार्च 2018 तक 4549.22 मिलियन यूनिट विद्युत का उत्पादन किया है। 10वीं पंचवर्षीय योजना में टिहरी हाइड्रो पावर प्लांट से 1000 मेगावॉट और 11वीं पंचवर्षीय योजना में कोटेश्वर एचईपी से 400 मेगावाट हाइड्रो पावर व वर्तमान में 12वीं पंचवर्षीय योजना में अब तक 113 मेगावाट पवन ऊर्जा का योगदान किया है।
सीएमडी ने बताया कि टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट से 1000 मेगावाट, विष्णुगाड़ पीपलकोटी से 444 मेगावाट, ढुकुवां स्माल हाइड्रो प्रोजेक्ट से 24 मेगावाट, खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट 1320 मेगावाट और 250 सोलर पावर पर कार्य प्रगति पर है। मौके पर केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के अध्यक्ष आरके वर्मा, संयुक्त सचिव हाइड्रो अर्चना अग्रवाल, निदेशक हाइड्रो अभिजीत फुकन के अलावा टीएचडीसीआईएल के महाप्रबंधक एसपी यूसी कन्नौजिया, अपर महाप्रबंधक एसपी आरएन सिंह, उप महाप्रबंधक संदीप चेकर आदि मौजूद थे।