फोटो ब्यूरो/अमर उजाला,मुनिकीरेती ।
शुक्रवार को चौथे दिन मुनिकीरेती व स्वर्गाश्रम के बीच गंगा में नाव संचालन शुरू हो गया, जिससे तीर्थयात्रियों व पर्यटकों ने राहत की सांस ली। बीते मंगलवार से मुनिकीरेती व स्वर्गाश्रम के बीच गंगा मोटर बोटों का संचालन बंद कर दिया गया था, कंपनी संचालक ने गंगा के जलस्तर में कमी आने से नाव संचालन बंद करने की बात कही थी। शुक्रवार से गंगा में मोटर बोट का संचालन फिर से शुरू हो गया है। गौरतलब है कि इन दिनों क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन यात्रा शुरू हो चुकी है। क्षेत्र में हर रोज हजारों लोग उमड़ रहे हैं, जिनमें से तीन से चार हजार पर्यटक मोटर बोट का उपयोग कर एक- दूसरे क्षेत्र में पहुंचते हैं।
बीते तीन दिनों से नावों का संचालन बंद होने से पर्यटकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उधर, मोटर बोट संचालन करने वाली कंपनी के संचालक केवल कुकरेजा का कहना है कि नदी में जलस्तर कम होने से नाव संचालन बंद कर दिया गया था। बताया कि नदी में पानी की मात्रा कम होने से नावों में लगी मोटर के पंखे जमीन से टकराने लगे थे। लिहाजा पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर ऐहतियातन संचालन बंद कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जलस्तर बढ़ने से नावों का संचालन शुरू कर दिया गया है।