फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसडीएम ने लंबित कार्यों को पूरा करने के दिए निर्देश

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
विज्ञापन

चारधाम यात्रा के प्रवेशद्वार तीर्थनगरी ऋषिकेश में यात्रियों के लिए पानी, बिजली और सफाई आदि इंतजामों की शुक्रवार को उपजिलाधिकारी ने समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया, साथ ही उन्हें लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। चेताया कि व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को चारधाम बस ट्रांजिट कंपाउंड परिसर स्थित यात्रा प्रशासन संगठन कार्यालय में आयोजित बैठक में एसडीएम हर गिरि ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की यात्रा के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने जल संस्थान और ऊर्जा निगम के साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। कहा कि यात्राकाल में सार्वजनिक स्थानों पर बने स्टैंड पोस्ट आदि में पेयजल की सप्लाई को निरंतर जारी रखा जाएगा।
विज्ञापन

ऊर्जा निगम को ग्रीष्मकाल में नगर क्षेत्र में विद्युत कटौती नहीं करने को कहा गया है। एसडीएम ने बस ट्रांजिट कंपाउंड में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने, पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देशित भी संबंधित विभागों को दिए हैं। बताया कि इस साल चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों को बसों की किल्लत नहीं हो, इसके लिए संयुक्त रोटेशन के बस बेड़े में 37 बसों का इजाफा किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों को तेजी के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए हैं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मौके पर एआरटीओ डॉ. अनीता चमोला, सीओ वीरेंद्र सिंह रावत, अधिशासी अधिकारी महेंद्र कुमार यादव, जलकल अभियंता एवीएस रावत, ऊर्जा निगम के एसडीओ अरविंद नेगी, परिवहन निगम से विपिन चौधरी, सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण, सफाई निरीक्षक सचिन रावत, एसएसआई अमरजीत सिंह, निजी परिवहन कंपनियों से भोला दत्त जोशी, कुंवर सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह चौधरी आदि मौजूद थे।

रोडवेज 50 की बजाए 75 बसें की आरक्षित
चारधाम यात्रा में इस साल रोडवेज ने 50 की बजाए 75 बसें आरक्षित करने का वायदा किया है। एआरटीओ डॉ. अनिता चमोला ने बताया कि इस बार की यात्रा में रोडवेज की बस संख्या को भी बढ़ाया गया है। इसका उद्देश्य तीर्थयात्रियों को तत्काल आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। बताया कि यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में रोटेशन समिति और रोडवेज का भी यात्री बुकिंग काउंटर खुलवाया गया है।

प्रस्तावित एप्रोच मार्ग का किया निरीक्षण
एसडीएम ने यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड से गंगोत्री हाईवे को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग के वन क्षेत्र में होने के चलते संबंधित अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर मार्ग की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बताया कि मार्ग की मरम्मत होने से यात्री वाहनों को शहर के बीचोंबीच की बजाए बाईपास की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे नगर क्षेत्र में जाम की समस्या भी पैदा नहीं होगी।
विज्ञापन


ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड व आसपास के व्यापारियों ने ऑटो चालकों पर मुसाफिरों के साथ मनमानी और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही व्यापारियों ने ऑटो चालकों पर बस ट्रांजिट कंपाउंड और उसके संपर्क मार्ग पर अनधिकृत कब्जा करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने इस बाबत एसडीएम के माध्यम से गढ़वाल आयुक्त को ज्ञापन प्रेषित सौंपा। इस दौरान लोकेश तायल, सुरेंद्र सिंह, ललित सक्सेना, रवि चौधरी आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें