ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
चारधाम यात्रा की शुरुआत के तीसरे दिन शुक्रवार को भी संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति से कोई वाहन चारधाम यात्रा पर रवाना नहीं हुआ। समिति की ओर से इसकी वजह इस साल चारों धामों के कपाट खुलने की तिथियों में लंबा अंतराल बताया गया है। बताया कि बीते बुधवार को श्री गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट ही खुले हैं, जबकि श्री केदारनाथ व बदरीनाथ धाम के कपाट क्रमश: 29 व 30 अप्रैल को खुलने हैं। संयुक्त रोटेशन के प्रभारी मदन कोठारी ने बताया कि तीसरे दिन भी समिति से कोई वाहन धामों के लिए रवाना नहीं हुआ है।
रोटेशन के पास रविवार को 10 से 12 बसों की बुकिंग हैं। जबकि सोमवार को रोटेशन समिति के यात्रा उद्घाटन समारोह के अवसर पर 15 से 20 वाहन चारों धाम के लिए रवाना होंगे। उधर, त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम कंपनी की ओर से बताया गया कि शुक्रवार को केंद्र में 156 यात्रियों का फोटोमीट्रिक पंजीकरण किया गया। बताया कि नगर समेत अन्य केंद्रों से 466 पंजीयन हुए हैं। अब तक चारधाम यात्रा के लिए कुल 2375 पंजीकरण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 52 ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किए गए, जबकि कुल ऑनलाइन पंजीकरण 2733 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।