ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश ।
उत्तराखंड अभिभावक संघर्ष समिति का निजी विद्यालयों द्वारा शासनादेश का उल्लंघन किए जाने के विरोध में विरोध में प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान अभिभावकों ने श्री गुरुरामराय पब्लिक विद्यालय के समक्ष धरना दिया। बताया गया कि पब्लिक स्कूलों की मनमानी बंद होने तक प्रत्येक दिन निजी विद्यालयों के समक्ष दो घंटे का विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बुधवार को महासंघ के संयोजक रवि कुमार जैन के नेतृत्व में अभिभावकों ने आवास विकास कॉलोनी स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल के समक्ष सांकेतिक धरना दिया।
इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत अभिभावकों को निजी विद्यालयों की मनमानी से जागरुक किया। बताया गया कि निजी विद्यालय प्रबंधन द्वारा अभिभावकों से कंप्यूटर फीस, एनुअल चार्ज, आईडी कार्ड आदि के नाम पर कॉशन मनी की मांग की जा रही है। इस मौके पर रवि जैन ने आरोप लगाया कि पब्लिक स्कूलों द्वारा फीस वृद्धि और कॉशन मनी नहीं लेने संबंधी शासनादेश का उल्लंघन किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों में विमला, गुड्डी देवी, देवेश्वरी देवी, सावित्री देवी, विनीता, अनीता, विमला, हरिराम वर्मा, विनोद रतूड़ी, नीलम, रजनी, संगीता, नेहा आदि मौजूद थे।