ब्यूरो/अमर उजाला,मुनिकीरेती ।
यमकेश्वर क्षेत्र के कैंप व रिजोर्ट एसोसिएशन ने नदी तटों से कैंपों को हटाने व रोजगार छीनने के विरोध में जिलाधिकारी पौड़ी को ज्ञापन सौंपा। बुधवार को लक्ष्मणझूला स्थित कैंप कार्यालय में एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक बडोनी के नेतृत्व में कैंप व्यवसायियों ने जिलाधिकारी सुशील कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एक ओर राज्य व केंद्र सरकार स्वरोजगार के लिए युवाओं को प्रेरित कर रही है। दूसरी ओर प्रशासन द्वारा बिना पूर्व सूचना के बीच कैंपों को हटाया दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यमकेश्वर के शिक्षित बेरोजगार युवा अपने परिवार के आर्थिक भरण पोषण के लिए कैंपिंग और राफ्टिंग व्यवसाय को अपना रहे हैं।
बताया कि बीते दिनों उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता के निर्देश पर रत्तापानी, घट्टूगाड़ और मोहनचट्टी के आसपास हेंवल नदी के किनारे कैंपों को बिना पूर्व सूचना के उखाड़ दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फिलहाल बीच कैंपों की स्थिति को यथावत रखने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जब तक सभी बीच कैंपों के रजिस्ट्रेशन की कार्यवाही पूरी नहीं की जाती, तब तक किसी भी कैंप को नहीं हटाया जाएगा। इस अवसर पर राजकुमार शर्मा, अरविंद नेगी, कल्याण सिंह राणा, अतुल ध्यानी, त्रिलोक रावत, उदय रावत, अंकित रावत, मनोज रावत आदि मौजूद थे।