जोशीमठ/गोपेश्वर। बदरीनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की तैयारियों को लेकर रविवार को जिलाधिकारी आशीष जोशी ने जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ चमोली से बदरीनाथ तक यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गोविंदघाट और लामबगड़ भूस्खलन जोन में चल रहे सुधारीकरण कार्य की धीमी प्रगति पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई।
डीएम ने यात्रा पड़ावों पर शौचालय, पथ प्रकाश, साफ-सफाई, सार्वजनिक पेयजल टंकियों का निरीक्षण भी किया। बीआरओ व एनएच के अधिकारियों को बदरीनाथ हाईवे पर गौचर से माणा तक चिह्नित 37 संवेदनशील स्थलों पर मशीनें और मैन पावन की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। खाद्य आपूर्ति विभाग को बदरीनाथ में तीन माह के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न, पेट्रोल और डीजल का भंडारण करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने कहा कि यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर एसडीआरएफ की छह टीम तैनात की जाएगी। उधर, डीएम ने माणा गांव में जगह-जगह फैली गंदगी पर नाराजगी व्यक्त की।