ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
उत्तराखंड योग कल्चर फेडरेशन अगले माह पांच मई को आईडीपीएल के समीप गीतानगर में राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता आयोजित करेगी, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी योग की विधाओं का प्रदर्शन करेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा, साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग का अवसर दिया जाएगा। शनिवार को नगर में आयोजित प्रेसवार्ता में फेडरेशन के अध्यक्ष राजीव थपलियाल ने बताया कि पांच मई को गीतानगर में प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश भर से 6 से 10 आयु वर्ग, 10 से 15, 15 से 22, 22 से 30, 30 से 40, 40 से 50, 50 से 65 और 65 वर्ष के अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी शामिल होंगे।
थपलियाल ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आंध्र प्रदेश में आठ जून से होने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग का अवसर दिया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सभी वर्गों से विजेता दो प्रतिभागियों को मिस्टर योग श्री की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में करीब 250 प्रतिभागियों के जुटने की संभावना है। वार्ता से पूर्व फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। मौके पर कार्यक्रम संयोजक पंकज भट्ट, अनिल बहुगुणा, रोशन सिंह रावत, मयंक शर्मा आदि मौजूद थे।