ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
बीते दो अप्रैल को भारत बंद का आह्वान कर आंदोलन करने वाले दलितों का पूर्व सीएम हरीश रावत ने समर्थन किया है। उन्होंने मामले में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों की भाजपा सरकारों ने दलितों पर मुकदमे दर्ज किए हैं। कहा कि वह भजन-कीर्तन कर इस पर लगातार विरोध दर्ज कराएंगे। शनिवार को ऋषिकेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद हरीश रावत ने मीडिया कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि हिंसा के आरोप में सरकार ने दलित युवकों पर मुकदमे दर्ज किए हैं, जिन्हें वापस लेने तक वह विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार ऐसा हुआ है, कि दलितों ने अपनी ताकत को दिखाया और केंद्र सरकार को उनके आगे झुकना पड़ा। लेकिन अब सरकार ने भारत बंद में हुई हिंसा के नाम पर दलितों पर मुकदमे दर्ज किए हैं।