ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
बिना सत्यापन कराए नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में तमाम लोग ठेली, फड़ और दूसरे व्यवसाय कर रहे हैं। अनजान लोगों के क्षेत्र में आवाजाही करने से पूर्व उनका सत्यापन करने की मांग लोग उठा रहे है। डोईवाला कोतवाली के नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों बिना सत्यापन के दूसरे क्षेत्र के लोग आकर ठेली और फड़ आदि लगाकर व्यवसाय कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को अठूरवाला ग्राम प्रधान मंजू चमोली ने उपजिलाधिकारी डोईवाला को इस बाबत ज्ञापन देकर अवगत कराया कि बड़े पैमाने पर बिना सत्यापन के ऐसे लोग बस रहे हैं।
अठूरवाला, भानियावाला, कान्हरवाला आदि क्षेत्र में चोरी आदि की आपराधिक वारदातें हुई हैं। लिहाजा ऐसे लोगों का सत्यापन करने के बाद ही उन्हें क्षेत्र में ठेली और फड़ आदि लगाने की अनुमति मिलनी चाहिए। ज्ञापन देने वालों में सुबोध, रजत सजवाण, अमन रावत, राजवीर नेगी, आयुष, अभिषेक, नवदीप उनियाल, वैैभव पुंडीर आदि थे। कोतवाली के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक योगेंद्र सिंह गुसांई ने बताया कि पुलिस सत्यापन अभियान समय अंतराल पर सत्यापन अभियान चलाती है। सत्यापन न कराने वालों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।