पीपलकोटी। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने निजमूला घाटी के ईराणी, पाणा, दुर्मी और पगना गांव का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। विधायक ने क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 14.75 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। ईराणी गांव में आयोजित जनसभा में ग्रामीणों ने सरकार से राजमा और आलू का समर्थन मूल्य घोषित करने, घाटी के गांवों को संचार सुविधा से जोड़ने, जीआईसी ईराणी में शिक्षकों की तैनाती करने, पीएमजीएसवाई के तहत निर्माणाधीन निजमूला-गौणा-पाणा-ईराणी सड़क के द्वितीय चरण का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई।
विधायक ने ईराणी गांव में प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी के लिए 4 लाख, जीआईसी ईराणी में शौचालय निर्माण के लिए एक लाख, युवक मंगल दल व महिला मंगल दल ईराणी के लिए एक लाख, पाणा गांव में शिवालय में चौपाल के लिए तीन लाख, जूहा स्कूल पाणा व भनाली में फर्नीचर के लिए 75 हजार, दुर्मी गांव में पेयजल योजना के लिए चार लाख और महिला व युवक मंगल दल के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि मोहन नेगी, भाजपा जिला महामंत्री गजेंद्र रावत, जिला पंचायत सदस्य गजपाल बर्तवाल, ऊषा रावत, प्रधान लक्ष्मण सिंह, महेंद्र नेगी, जुपुली देवी, वीरेंद्र फरस्वाण, हुकुम सिंह, दर्शन सिंह, मीना और नारायण सिंह आदि मौजूद थे।