ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से देहरादून रोड स्थित व्यापार सभा भवन में आयोजित केंद्रीय कार्यसमिति की निकाय चुनाव को लेकर बैठक हुई। जिसमें दल ने सरकार से राज्य का विकास धरातल पर करने की पुरजोर मांग की।
कार्यसमिति बैठक में दल के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने कहा कि सरकार पलायन रोकने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने के नाम पर हवाई दावे करने में लगी है। प्रदेश सरकार की उदासीनता के कारण तीन हजार सरकारी स्कूलों में ताले लटक रहे हैं। जबकि पहाड़ों से एक हजार से भी ज्यादा गांव खाली हो चुके हैं। सरकार को पलायन रोकने, रोजगार के अवसर और विकास के नाम पर ख्याली पुलाव पकाने की बजाय धरातल पर कार्य करने की जरूरत है। भट्ट ने पुरानी बातों को भूलकर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिलकर काम करने पर जोर दिया। इसके अलावा ऋषिकेश निकाय चुुनाव में उक्रांद जीत के उद्देश्य से अपना प्रत्याशी मैदान में उतारने की बात कही। इस दौरान कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर विचार रखे। बैठक में उक्रांद के पूर्व अध्यक्ष व संरक्षक त्रिवेंद्र सिंह पंवार, जयदीप भट्ट, बीडी रतूड़ी, सुमन प्रकाश गैरोला, देवेंद्र चमोली, रमा चौहान, सुशील उनियाल, सुनील ध्यानी, अवतार सिंह राणा, किशन सिंह, सोहन भट्ट, मोहित डोभाल, आशीष आदि मौजूद रहे।