ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश ।
उत्तराखंड अभिभावक संघर्ष महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री से भेंट की और निजी स्कूलों की मनमानी के विरोध में ज्ञापन सौंपा। सोमवार को महासंघ के संयोजक रवि कुमार जैन के नेतृत्व में सोमवार को प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में प्रदेश के शिक्षामंत्री अरविंद पांडे से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने निजी स्कूलों की मनमानी के विरोध में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा कड़े कदम उठाए जाने के बावजूद अधिकांश निजी विद्यालय मनमानी पर आमादा है।
आरोप है कि कई निजी स्कूल प्रबंधन अभिभावकों को एनसीईआरटी की किताबों के साथ ही अन्य प्रकाशकों की पुस्तकें खरीदने को विवश कर रहे हैं। बताया कि विद्यालयों से ही नोटबुक महंगी दरों पर बेची जा रही हैं। निजी विद्यालय प्रबंधन सरकार द्वारा पूर्व में किए गए फीस व कॉशन मनी संबंधी शासनादेश का लगातार उल्लंघन कर रहे हैं। सभी विद्यालय लगातार अभिभावकों को अलग-अलग तरह की धनराशि जोड़कर शुल्क का बिल थमा रहे हैं। बताया कि शिक्षामंत्री ने मांगों का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी ऋषिकेश को निजी विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर परमेश्वर राजभर, मधु जोशी, अंशुमान भंडारी, पिंकेश सैनी, धीरज चतरथ, सीमा रानी, सूर्य प्रताप आदि मौजूद थे।