ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
लंबित मांगों पर अमल न होने से नाराज उत्तराखंड मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन ने सोमवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर काम किया। इस दौरान लैब टेक्नीशियनों ने मांगें पूरी ने होने की दशा में 16 अप्रैल को सामूहिक अवकाश पर रहकर महानिदेशालय में प्रदर्शन की चेतावनी दी।
लैब टेक्नीशियनों ने कहा कि संवर्ग का पुनर्गठन न होने सहित विभिन्न मांगोें की लगातार अनदेखी की जा रही है। कई बार के आश्वासनों के बावजूद मांगों पर अमल नहीं होने पर आंदोलन करना पड़ रहा है। संगठन के प्रांतीय प्रवक्ता जितेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मांगों को लेकर 15 अप्रैल तक काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन एवं इसके बाद 16 अप्रैल को महानिदेशालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रांतीय सचिव राकेश सिंह ने कहा कि मांगों पर अमल न होने पर 20 अप्रैल को बैठक कर आंदोलन की आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।