श्रीनगर। राजकीय महाविद्यालय व निजी संस्थानों को श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध किए जाने के लिए महाविद्यालयों व संस्थानों का निरीक्षण 31 मई तक पूरा कर दिया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट विवि की ओर से सीधे राज्यपाल को प्रेषित की जाएगी। निरीक्षण के लिए श्रीदेव सुमन विवि ने विषयवार कमेटियों का गठन किया है। वहीं विवि के कुलपति डा. यूएस रावत भी स्वयं महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं।
गढ़वाल विवि के वर्ष 2009 में केंद्रीय विवि बन जाने के बाद से विवि से संबद्ध सरकारी महाविद्यालयों व निजी संस्थानों को असंबद्ध किए जाने की बात कही जा रही थी। स्वयं गढ़वाल विवि प्रशासन ने भी इस संबंध में पहल की थी, जिस पर राज्य सरकार ने सभी राजकीय महाविद्यालयों को श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध किए जाने का निर्णय लिया है। नए शिक्षा सत्र में सरकारी महाविद्यालय श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध हो जाएगे। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डा. यूएस रावत ने बताया कि राजकीय महाविद्यालयों व निजी संस्थानों को विवि से संबद्ध करने से पूर्व निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण कार्य 31 मई तक हर हाल में संपन्न हो जाएगा। रावत ने बताया कि 205 सरकारी व निजी संस्थानों निरीक्षण किया जाना है, जिसके लिए विषयवार कमेटी गठित की गई है। निरीक्षण की रिपोर्ट विवि प्रशासन की ओर से सीधे राज्यपाल को प्रेषित की जाएगी।