ब्यूरो/डोईवाला। ग्रीनलैंड हाईस्कूल डोईवाला के वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की विराट संस्कृति की झलक जनसमुदाय को दिखाई। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर आधारित लघु नाटिका ने सबका मन मोह लिया। शनिवार को देहरादून रोड़ स्थित शक्ति भवन सभागार परिसर में ग्रीनलैंड हाईस्कूल डोईवाला का वार्षिकोत्सव और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों के ऊपर समाज और देश का नव निर्माण करने की जिम्मेदारी है। विद्यालय प्रबंधक दीपक सैनी ने विद्यालय की गतिविधियों की रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। बच्चों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी गीत और नृत्य के अलावा पंजाबी भंगड़ा और राधाकृष्ण का मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि ने सामान्य ज्ञान, कला प्रतियोगिता के अलावा मेधावी छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को पुरस्कार बांटे। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य नीलम आर्य, विशिष्ट अतिथि पूर्व राज्य मंत्री अनिल सैनी, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष महेश रावत, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मनोज नौटियाल, संजय बजाज, मीता बख्शी, ज्योति चौहान, पूनम, अंकिता, गौरव मल्होत्रा, सूर्यकांत, मीनाक्षी, शुभलता, शिखा, संजू, सीमा, एकाग्रता, मंदीप बजाज, संदीप उपाध्याय, राजेंद्र मोहन आदि तमाम लोग मौजूद रहे।