गोपेश्वर/जोशीमठ। सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने को लेकर जिले के विभिन्न नगरों और ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गोपेश्वर में जीआईसी और जीजीआईसी की छात्र-छात्राओं ने पापा सुन लो विनय हमारी, पढ़ने की है उम्र हमारी..., आधी रोटी खाएंगे स्कूल जरूर जाएंगे..., पढ़ेंगे पढ़ाएंगे उन्नत देश बनाएंगे..., एक भी बच्चा छूटेगा संकल्प हमारा टूटेगा..., घर-घर विद्या दीप जलाएं, लड़का-लड़की सभी पढ़ाएं, पर्वत-पर्वत घाटी-घाटी निरक्षर मांगे बस्ता पार्टी... जैसे नारों के साथ नगर में जागरूकता रैली निकाली।
गोपेश्वर के जीजीआईसी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान की अपर निदेशक शशि चौधरी ने किया। उन्होंने अभिभावकों से अन्य लोगों को भी अपने पाल्यों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में करवाने की अपील की। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी दर्शन लाल टम्टा, डा. सुमन ध्यानी, कांति तिवारी, ऊषा नेगी, सीमा थपलियाल, पुष्पा रावत, सुनीता कठैत और जानकी नेगी आदि मौजूद थी। वहीं जोशीमठ में भी जीजीआईसी की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकली, जबकि जीआईसी में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन हुआ। घाट ब्लॉक मुख्यालय के साथ ही प्राथमिक विद्यालय व जूनियर हाईस्कूल नैल-कुडाव के छात्रों ने रैली निकाली। इस मौके छिंती लाल आर्य, रजनी बिष्ट, बिंदी नेगी, सुरेंद्र लाल आदि मौजूद थे। जीआईसी बैरागना में भी गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान केएस बडवाल, सुनील बिष्ट, आत्म प्रकाश डिमरी आदि मौजूद थे।
जन-जागरूकता रैली निकाली
गौचर/देवाल/नारायणबगड़। स्कूल चलो अभियान के तहत गौचर, देवाल और नारायणबगड़ की शिक्षण संस्थानों ने जन-जागरूकता रैली निकाली। गौचर में राजकीय आदर्श जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने बाजार में रैली निकाली और अभिभावकों से अपने पाल्यों को सरकारी स्कूलों में प्रवेश कराने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक राजी लाल, केसी आर्य, बिजेंद्र कुंवर, कुलदीप रावत, सरोज डिमरी, एसएस राणा, ममता कांडपाल सहित छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
देवाल में राइंका देवाल, कन्या हाईस्कूल, आदर्श प्राथमिक विद्यालय देवाल आदि शिक्षण संस्थाओं के बच्चों और शिक्षकों ने जन जागरूकता रैली निकाली। नारायणबगड़ में जीआईसी और जीजीआईसी नारायणबगड़, राजकीय हाईस्कूल मींग में भी रैली निकाली गई। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी आरएल रोधियाल, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य डा. राजकुमारी मनराल, कुशवर भंडारी सहित छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
सरकारी स्कूलों में मनाया गया प्रवेश उत्सव
नई टिहरी। शिक्षा विभाग ने छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ाने के लिए प्रवेश उत्सव मनाया। इसमें स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। इस दौरान अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी स्कूलों में प्रवेश देने पर चर्चा की गई।
राजकीय प्रताप इंटर कालेज बौराड़ी के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार उनियाल ने बताया कि शिक्षक स्कूल में प्रवेश के लिए घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं। उत्सव का मुख्य उद्देश्य शिक्षा से वंचित बच्चों को स्कूल तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि बोर्ड मूल्यांकन के बावजूद मूल्यांकन समय से पहले कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। उत्सव के तहत पोस्टर आदि के माध्यम से भी सरकारी स्कूलों में प्रवेश के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया जा रहा है। प्रधानाचार्य ने कहा कि कालेज में सभी विषयों के अनुभवी शिक्षक, कंप्यूटर, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेल और करियर काउंसलिंग की बेहतर व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में कक्षा छह से आठ तक निशुल्क शिक्षा दी जा रही है। जीजीआई बौराड़ी में भी प्रवेश उत्सव मनाया गया। इस दौरान पीटीए का गठन भी किया गया। इसमें रामाशीष यादव अध्यक्ष, प्रिंसिपल सगुफ्ता प्रवीन सचिव, रमेश जोशी सचिव और राजेंद्र मनवाल, शमशाद आलम, रमेश गुनसोला, मकानी देवी, सुषमा बिष्ट, सीता रावत, रामदुलारी, शिक्षिका अर्चना, शोभा व आरती सदस्य चुने गए। स्वामी रामतीर्थ जूनियर हाईस्कूल बौराड़ी में भी प्रवेश उत्सव के दौरान छात्रों को कापी, पेंसिल आदि सामग्री वितरित की गई। राजकीय आदर्श विद्यालय बौराड़ी में भी प्रवेश उत्सव मनाया गया।
शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए मांगे सुझाव
पौड़ी। नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अभिभावकों से सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने को लेकर सुझाव मांगे गए। साथ ही छात्र संख्या बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में डीईओ बेसिक केएस रावत ने अभिभावकों से कहा कि शिक्षा का स्तर बेहतर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अभिभावकों ने स्कूल में खाली पड़े शिक्षकों के पद भरने की मांग की।
वहीं, राइंका पुरियाडांग में भी प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने जनजागरूकता रैली निकालकर अभिभावकों से अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में प्रवेश दिलाने की अपील की। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने मुख्य बाजार बनेख से धारी तक जनजागरूकता रैली निकाली।