ब्यूरो/ऋषिकेश। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने ऋषिकेश विधानसभा में 5.90 करोड़ की विकास योजनाओं के जल्द क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बताया गया कि उक्त धनराशि से त्रिवेणीघाट, नटराज चौक, तहसील चौक, बैराज तिराहा आदि स्थानों पर सौंदर्यीकरण व अन्य विकास कार्य किए जाने हैं। बैठक में स्पीकर अग्रवाल ने एचआरडीए के अधिकारियों को क्षेत्र के गंगाघाटों, चौक चौराहों के लिए स्वीकृत योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए, जिससे इनका लाभ आम नागरिकों व देश दुनिया से यहां आने वाले पर्यटकों को मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित योजनाओं में नटराज चौक, बैराज तिराहा व तहसील चौक पर 16 लाख की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य किया जाना है। जबकि त्रिवेणीघाट में 5.74 करोड़ की लागत से शिव-पार्वती की मूर्ति, रेलिंग, चेंजिंग रूम, बैंच आदि कार्य किए जाने हैं। साथ ही ऋषिकेश नगर निकाय परिसर में 186 करोड़ की लागत से बहुमंजिले भवन व वाहन पार्किंग प्रस्तावित योजना का भी जल्द क्रियान्वयन किया जाएगा। बताया कि सात करोड़ की लागत से मुनिकीरेती से शिवानंद रामझूला तक विशेष पत्थरों से मार्ग का निमाण व सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा।
स्वीकृत योजना पर शीघ्र कार्य शुरू करने के आदेश
विधानसभा अध्यक्ष ने अथॉरिटी के अधिकारियों को स्वीकृत योजना पर शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा है, जिससे लोगों को उक्त स्थलों पर बेहतर सुविधाएं मिल सके। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने अधिकारियों को ऋषिकेश सब्जी मंडी को भी अन्यत्र शिफ्ट करने को जल्द योजना तैैयार करने के निर्देश दिए हैं। अग्रवाल ने बताया कि नेपालीफार्म तिराहा, मंशा देवी चौक को विकसित करने के लिए भी योजना तैयार की जा रही है। इस अवसर पर प्राधिकरण के सचिव वंशीधर तिवारी, सहायक नगर नियोजक राहुल कुमार, अवर अभियंता बलराम सिंह, डॉ. बृजेश कुमार उपाध्याय आदि मौजूद थे।