श्रीनगर। गढ़वाल विवि की कार्यवाहक कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने विभिन्न दायित्वों में बदलाव किया है। संभावना जताई जा रही है कि अभी और भी बदलाव किए जा सकते हैं।
नव नियुक्त कुलपति (कार्यवाहक) प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने विभिन्न शिक्षकों के दायित्वों में बदलाव किया है, जिसके तहत बिड़ला परिसर के केंद्र अधीक्षक प्रो. एचबीएस चौहान के स्थान पर रसायन विज्ञान की प्रो. गीता पंत जोशी को दायित्व दिया गया है। इंटरनल ऑडिट ऑफिसर प्रो. एमसी नौटियाल को सौंपा गया है। पूर्व में यह दायित्व प्रो आरसी डंगवाल के पास था। दायित्वों में परिवर्तन के संबंध में कुलपति कार्यालय से संबधित अधिकारियों को आदेश भी जारी किए जा चुके हैं। वहीं बृहस्पतिवार को नव नियुक्त नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा ने नियंता कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि परिसर में अनुशासन बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। कहा कि विवि में कार्यरत सभी शिक्षकों व कर्मचारियों को वाहनों के लिए गेट पास व्यवस्था की जाएगी। जल्द ही नए नियंता मंडल का गठन कर दिया जाएगा।