ब्यूरो/अमर उजाला/डोईवाला।
डोईवाला क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में बुधवार को मेजबान डोईवाला ने यंगस्टार सहस्त्रधारा को रोमांचक मुकाबले में 17 रनों से पराजित की बढ़त बनाई। सहस्त्रधारा के विक्रांत ने मैच में तीन विकेट एक साथ लेकर हैट्रिक की।
तेलीवाला खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में मेजबान डोईवाला का मुकाबला यंगस्टार सहस्त्रधारा से हुआ। टॉस जीतकर डोईवाला ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में सभी विकेट खोकर 167 रन बनाए। जुनैद ने टीम के लिए सर्वाधिक 63, रजत ने 31 और भावेश ने 22 रन टीम के लिए जोड़े। सहस्त्रधारा के विक्रांत ने एक साथ तीन खिलाड़ियों को आउट कर हैट्रिक की बनाई। अनय ने चार ओवर में 25 देकर तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यंगस्टार सहस्त्रधारा 20वें ओवर में 148 रनों पर सिमट गई। दीपक क्षेत्री ने सर्वाधिक 84 और मानस ने 26 रन टीम के लिए जोड़े। डोईवाला के हरदीप ने चार ओवरों में 20 रन देकर चार विकेट और जुनैद ने चार ओवरों में 27 रन देकर दो विकेट लिए। मैच में अंपायरिंग सतीश और मोनू ने की।