ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
नगर और आसपास के क्षेत्रों में निजी विद्यालयों पर शासनादेश का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड अभिभावक संघर्ष महासंघ ने बुधवार को नगर में रैली निकाली। अभिभावकों ने कहा कि निजी स्कूलों की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उत्तराखंड अभिभावक संघर्ष महासंघ के संयोजक रवि कुमार जैन की अगुवाई में निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावक बुधवार को नगर पालिका परिसर में एकत्रित हुए। इसके बाद निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ नगर में रैली निकाली। रैली नगर पालिका परिसर से तिलक रोड, रेलवे रोड, देहरादून रोड, क्षेत्र रोड, घाट रोड और हरिद्वार रोड होते हुए दून तिराहे पर संपन्न हुई। संयोजक रवि कुमार जैन ने कहा कि प्रदेश के निजी विद्यालय खुलेआम सरकार द्वारा जारी शासनादेश का उल्लंघन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से शिक्षण सत्र शुरू होने से पहले फीस एक्ट लागू करने की मांग भी की है। इस दौरान उन्होंने सभी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पुस्तकें लागू करने के निर्णय की सराहना की। इसके बाद महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर संजय पयाल, बलवीर गुप्ता, आदेश राजभर, मनोज भट्ट, अजय कटारिया, शैलेंद्र रावत, अंशुमन भंडारी, राहुल पांडे, जसकरन यादव, राकेश पारछा, कपिल शर्मा, सोनिया यादव, राकेश पाल, अनुराग शर्मा, शिवम शर्मा, यशोदा देवी, सोमवती पाल, लजावती देवी, रोशनी देवी, मुन्नी ध्यानी, अंजू गैरोला, उषा पोखरियाल आदि मौजूद रहे।