श्रीनगर। ऑल वेदर रोड परियोजना का असर भारत संचार निगम लि. (बीएसएनएल) की लैंड लाइन और ब्राडबैंड सेवा पर पड़ा है। परियोजना के तहत बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के दायरे में आ रही ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) पैनल को शिफ्ट किया जा रहा है। इस वजह से शहर के लगभग 400 बेस फोन ठप हो गए हैं। निगम के अनुसार, बुधवार तक फोन चालू हो जाएंगे।
ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए विद्युत, पेयजल एवं टेलीफोन लाइन शिफ्ट की जा रही हैं। वर्तमान में बिजली लाइन शिफ्टिंग काम अंतिम दौर में है। मंगलवार से बीएसनएल की लाइन शिफ्ंिटग का काम भी शुरू हो गया है। हालांकि निगम की लाइन अंडरग्राउंड है, लेकिन लाइन के पैनल हाईवे के किनारे हैं। निगम इन्हीं पैनल को शिफ्ट कर रहा है। मंगलवार को बीएसएनएल के ऑफिस के समीप मेन लाइन पैनल शिफ्टिंग का काम किया गया। प्रथम चरण में एक केबिल शिफ्ट किया जा रहा है, जिसके चलते शहर क्षेत्र के लगभग 400 बेस फोन के साथ ही ब्राडबैंड सेवा ठप हो गई। निगम के एसडीओ सलीम अख्तर ने बताया कि बुधवार तक उक्त फोन ठीक हो जाएंगे। इसके बाद अन्य दो केबिल को चरणवार शिफ्ट किया जाएगा, इनसे जुड़े फोन भी इस दौरान काम नहीं करेंगे।